वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान: गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस का सुप्रीम कोर्ट कूच, निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग

वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान: गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस का सुप्रीम कोर्ट कूच, निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग

देहरादून/नई दिल्ली: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत सोमवार को उत्तराखंड कांग्रेस ने नई दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में उत्तराखंड से पहुंचे सैकड़ों कांग्रेस नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों और कार्यकर्ताओं ने बाराखंबा रोड से सर्वोच्च न्यायालय की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग उठाते हुए मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता का मुद्दा उठाया।

यह मार्च लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’, ‘संविधान का सम्मान करो’ और ‘मताधिकार की रक्षा करो’ जैसे नारे लगाए।

लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा: गणेश गोदियाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और इस अधिकार को कमजोर करने का किसी भी संस्था या सरकार को अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।

गोदियाल ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रही है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ उनके इस्तीफे और कथित अनियमितताओं में आपराधिक संलिप्तता की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि जब मतदाता सूची की शुचिता और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो लोकतंत्र की बुनियाद प्रभावित होती है। कांग्रेस इन मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।

यशपाल आर्य बोले- मताधिकार की रक्षा का अभियान

उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान केवल कांग्रेस का राजनीतिक आंदोलन नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता की रक्षा का अभियान है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और आम नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए सभी को सजग रहना होगा।

एसआईआर को लेकर भी उठाए सवाल

कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने उत्तराखंड में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायतें की गई हैं, लेकिन उन पर प्रभावी एवं पारदर्शी कार्रवाई नहीं होने से निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति अविश्वास बढ़ रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर नागरिकों के मताधिकार के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि वोट सुरक्षित रहेगा, तभी लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा। कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा, निष्पक्षता और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।

वहीं, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि जनता अपने मताधिकार के प्रति जागरूक हो रही है। यदि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं हुई और विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का संतोषजनक समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस अपने आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

उत्तराखंड के कई वरिष्ठ नेता हुए शामिल

सर्वोच्च न्यायालय कूच में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत, एआईसीसी के सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा तथा विधायक विक्रम सिंह नेगी, लखपत बुटोला और फुरकान अहमद सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए।

इसके अलावा पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय पालीवाल, सी.पी. सिंह, जयेन्द्र रमोला, अरुणा कुमार, हिमांशु गाबा, राकेश राणा, सोमेन्द्र बोरा, प्रशांत खंडूरी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।

आंदोलन जारी रखने का ऐलान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जब तक प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से जुड़े सवालों का समाधान नहीं होता, तब तक कांग्रेस का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *